07-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली क्राइम ब्रांच ने बॉक्सर विकास हत्याकांड के मास्टरमाइंड सुमित राणा उर्फ छोटू को आठ महीने बाद गिरफ्तार किया। आरोपी ने पुरानी रंजिश में हत्या की साजिश रचने की बात कबूल की। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता हाथ लगी है। राष्ट्रीय स्तर के बॉक्सर विकास उर्फ भिंडा की हत्या के मामले में वांटेड कुख्यात अपराधी सुमित राणा उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले करीब आठ महीने से फरार चल रहा था और उसे घोषित अपराधी भी घोषित किया जा चुका था। जांच एजेंसियां लगातार उसकी तलाश में जुटी थीं। बताया जा रहा है कि आरोपी हत्या के बाद लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। क्राइम ब्रांच की टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर उसे दबोच लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हत्या की साजिश, उसके नेटवर्क और मामले से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है। यह सनसनीखेज वारदात 29 जुलाई 2025 को बाबा हरिदास नगर इलाके में हुई थी। उस दिन सुमित राणा अपने साथियों विकास दहिया उर्फ सोनू ठेकेदार, आकाश गहलोत और कृष्ण के साथ मिलकर पहले से बनाई गई योजना के तहत मौके पर पहुंचा। जैसे ही उन्होंने विकास भिंडा को देखा मुख्य शूटर विकास दहिया ने उस पर कई राउंड फायरिंग कर दी। हमले में विकास भिंडा की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि यह हत्या पुरानी रंजिश और इलाके में दबदबा कायम करने के लिए की गई थी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/07/मई /2026