07-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। देशभर में मौसम तेजी से बदल रहा है। यूपी, बिहार और उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट जारी है, जबकि राजस्थान में तापमान बढ़ने से लू का खतरा मंडरा रहा है। बिहार में ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली से जनजीवन प्रभावित हुआ है। देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। कहीं आंधी-बारिश लोगों को गर्मी से राहत दे रही है तो कहीं तापमान में बढ़ोतरी से लू का खतरा बढ़ने लगा है। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के अलग-अलग राज्यों में बीते कुछ दिनों से बारिश का दौर जारी है। वहीं बिहार, तेलंगाना और राजस्थान के कुछ जिलों में ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आसमान में बादल छाए रहेंगे। हालांकि, बारिश नहीं होगी। शुक्रवार से अधितकम तापमान में एक या दो डिग्री सेल्सियस के बढ़ोतरी की संभावना है। उत्तराखंड में 07 और 08 मई को बारिश के आसार हैं। वहीं, हरियाणा और पंजाब में 07 मई को बारिश के तेज हवाएं चल सकती हैं। आईएमडी के मुताबिक, 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। उत्तर प्रदेश में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि 10 से 12 मई के बीच उत्तर भारत में बारिश और आंधी का एक और नया दौर सक्रिय होगा। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। तेज हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। राजस्थान में गर्मी ने फिर जोर पकड़ना शुरू कर दिया है। बुधवार को कई शहरों में तापमान दो से तीन डिग्री तक बढ़ गया। फलौदी राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जैसलमेर में 42.2 डिग्री, बाड़मेर में 41.8 डिग्री और जोधपुर व पाली में 40.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। हालांकि कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हुई। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/07/मई /2026