ग्वालियर ( ईएमएस ) ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने उपनगर ग्वालियर के वार्ड-5 की विभिन्न बस्तियों में विकास को नई गति देने के लिए लगभग 2 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन किया। भूमि पूजन के अवसर पर ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि ग्वालियर के सर्वांगीण विकास के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा, ग्वालियर में विकास की श्रृंखला निरंतर जारी है और हमारा लक्ष्य हर वार्ड को बुनियादी सुविधाओं से संपन्न करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने स्थानीय नागरिकों को भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने आपका सेवक आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत श्रीराम कॉलोनी एवं मोतीझील क्षेत्र में भ्रमण कर क्षेत्रवासियों से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान नागरिकों से सड़क, सीवर, जलापूर्ति, बिजली एवं स्वच्छता जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण हेतु निर्देशित किया।