मण्डला (ईएमएस)। मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना के तहत विशेषज्ञों की देखरेख में हुई अत्याधुनिक जांच, 14 गंभीर मामलों में होगी नि:शुल्क सर्जरी बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और उज्जवल भविष्य को समर्पित मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी योजना राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जिला चिकित्सालय मंडला में हृदय रोग शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे के कुशल निर्देशन एवं सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य जन्मजात हृदय रोग से पीडि़त बच्चों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना था। सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. विजय सिंह धुर्वे ने बताया कि यह विशेष शिविर जन्म से 18 वर्ष तक की आयु के उन बच्चों के लिए आयोजित किया गया था, जो जन्मजात हृदय विकारों से जूझ रहे हैं। शिविर में जबलपुर के प्रसिद्ध शिशु हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. केएल उमा माहेश्वर ने अपनी विशेष सेवाएं प्रदान कीं। अत्याधुनिक उपकरणों के माध्यम से शिविर में पहुंचे कुल 40 बच्चों की इको जांच की गई, जिससे बीमारी की गंभीरता का सटीक आकलन किया जा सके। - सर्जरी के लिए 14 बच्चों का चयन हृदय रोग शिविर में गहन परीक्षण के बाद विशेषज्ञों ने 14 बच्चों को तत्काल सर्जरी के लिए चिन्हांकित किया है। इन बच्चों की सर्जरी राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत पूरी तरह नि:शुल्क कराई जाएगी। इसके साथ ही 02 बच्चों को गहन उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। 02 बच्चों को आगामी 6 माह बाद पुन: परीक्षण के लिए बुलाया गया है। इसके साथ ही 07 बच्चों का सर्जरी के बाद फॉलो-अप किया गया। जांच के दौरान 15 बच्चे पूर्णत: सामान्य पाए गए। - इन बच्चों को मिलेगा नया जीवनदान शिविर में चयनित जिन 14 बच्चों की नि:शुल्क सर्जरी होगी, उनमें प्रियंका (मोहगांव), मौली साहू (चाबी), उमा प्रजापति एवं आयात सारौते (पाठसिहोरा), सागर यूके (कजरवाड़ा), तृषा भावरे (हीरापुर), अंजली (सिलगिटी), सरिता कुशराम (बकोरी), मयूरी (तरवानी), अरहान खान (मंडला), दीक्षा (चिल्फी), आदित्य (चौदस), आरंभ यूके (लाफरा) और दिशा धुर्वे (पडरिया) शामिल हैं। शासन के इस प्रयास से इन गरीब परिवारों पर पडऩे वाला वित्तीय बोझ समाप्त होगा। - स्वास्थ्य टीम और प्रबंधन का रहा सहयोग सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि शिविर के सुचारू संचालन के लिए जिला शीघ्र हस्तक्षेप प्रबंधक अर्जुन सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था। शिविर की सफलता में डॉ. पीएल कोरी, डॉ. डीके मरकाम, डॉ. मनोज परस्ते, डॉ. कमलेश ठाकुर सहित आरबीएसके टीम से डॉ. राजकुमार नंदा, डॉ. धनराज भावरे, डॉ. विकास राय, डॉ. सविता श्याम, डॉ. रोशनी परस्ते, डॉ. मुकेश झरिया, दसोदी कुशराम, संगीता जांघेला, जिले की टीम से अर्जुन सिंह, वीरेंद्र पाटील, डॉ निदा आफरीन, सुनील द्विवेदी, काजल बैरागी शिविर में उपस्थित रहे एवं अपना पूरा सहयोग दिया। शिविर के अंत में अस्पताल प्रबंधन ने उपस्थित सभी नर्सिंग स्टाफ और सुरक्षा गार्डों का भी उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। - ईएमएस / 07/05/2026