जबलपुर (ईएमएस)। वित्तीय वर्ष 2025-26 में म.प्र. पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के शहर वृत्त जबलपुर ने राजस्व वसूली एवं बकाया राशि प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे मध्यप्रदेश में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जब राज्य स्तर पर केवल सीमित सर्कलों में ही बकाया राशि में कमी दर्ज की गई, वहीं जबलपुर शहर वृत्त ने 14.82 प्रतिशत की ऐतिहासिक कमी दर्ज कर पूर्व क्षेत्र कंपनी ही नहीं, बल्कि प्रदेश के सभी जिलों में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने इस उपलब्धि पर अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा को प्रशंसा पत्र प्रदान किया, जिसमें उनके नेतृत्व की विशेष सराहना की गई है। प्रशंसा पत्र में उल्लेख किया गया है कि जबलपुर शहर द्वारा सर्वाधिक राजस्व वसूली प्रभावी रणनीति, सतत मॉनिटरिंग और फील्ड स्तर पर सशक्त क्रियान्वयन का परिणाम है। विद्युत चोरी रोकने के लिए चलाए गए विशेष अभियानों के तहत दिन एवं रात में लगातार सघन कार्रवाई की गई। कलेक्टर ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करते हुए विभागीय लक्ष्यों की प्राप्ति में महत्वपूर्ण योगदान दिया जाता रहेगा। ईएमएस / 07 मई 2026