- जेल में बंद शातिर बदमाश ने रची थी वारदात की साजिश जबलपुर (ईएमएस)। तिलवारा घाट थाना अतंर्गत जोधपुर पडाव में हुई दस्सीलाल लाल वंशकार की हत्या की पूरी पटकथा जेल में बंद शातिर बदमाश संजू सारंग ने लिखी थी। संजू का मृतक के बेटे मोनू के साथ पुराना विवाद था, जिसका बदला लेने के लिए उसने अपने गुर्गों शुभम पांडे, शरद बर्मन और एक नाबालिग को जिम्मेदारी सौंपी थी| इस घटनाक्रम का खुलासा करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने पुलिस कंट्रोलरुम में पत्रकारों से चर्चा कर बताया कि आरोपी शास्त्रीनगर निवासी 24 वर्षीय शुभम पांडे, भटौली निवासी 21 वर्षीय शरद बर्मन और एक अन्य 17 वर्षीय नाबालिग को गिरफ्तार किया गया| आरोपियों से पूछताछ में पता चला है कि ये लोग पूरी तैयारी के साथ मोनू वशंकार की हत्या करने की नीयत से आए थे, लेकिन नीयती को कुछ ओर ही मंजूर था। झगड़े के दौरान बीच-बचाव करने आए पिता दस्सीलाल वशंकार आरोपियों के चाकू का शिकार हो गए और एक बेगुनाह पिता को अपने बेटे की दुश्मनी की कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। श्री शर्मा ने आगे बताया कि इन्हीं आरोपियों ने हत्या की वारदात के बाद गढ़ा स्टेशन के पास जंक्शन ढाबे के समीप दो लड़कों से रंगदारी वसूलने उनका मोबाइल लूट लिया और प्राणघातक हमला किया| आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो बटनदार चाईनाचाकू, एक काले रंग की बिना नंबर की मोटरसायकिल, दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए है| पुलिस ने लूटा हुआ मोबाइल भी जब्त किया है| पुलिस का कहना है कि जेल में बंद मास्टरमाइंड और इन बदमाशों के बीच के कनेक्शन की कड़ियाँ जोड़ रही है। आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी| - 7 मई 2026/ 03.18