राज्य
07-May-2026
...


कोरबा (ईएमएस)। प्रदेश सरकार द्वारा सुशासन तिहार मई के पहले सप्ताह से शुरू हुआ है। नगर निगम क्षेत्र में तिहार के अंतर्गत पहला सुशासन शिविर कोरबा जोन में आयोजित किया गया। नागरिक सेवाओं पर आधारित स्टॉल यहां पर लगाए गए। शाम 5 बजे तक शिविर के जरिये लोगों को सेवाओं का लाभ मिला। नगर निगम की ओर से आयोजित इस शिविर में निकायों के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित हुई है। उन्होंने अपने स्टॉल मौके पर लगाए। सरकार की ओर से चलायी जा रही समुदाय और व्यक्ति केंद्रित योजनाओं पर जहां फोकस किया गया। इनमें योजनाओं के स्वरूप से लेकर आधारभूत जरूरत और उनसे मिलने वाले लाभ के तरीके की जानकारी दी गई। नगर निगम कमिश्रर आशुतोष पांडेय के अलावा अन्य अधिकारियों ने शिविर का निरीक्षण किया। विभिन्न क्षेत्रों से यहां आये लोगों से बात की और उनकी समस्या को जानकर उनका निराकरण भी किया गया। सामान्य आवेदनों का निराकरण त्वरित रूप से करने की व्यवस्था है जबकि जटिल मामलों के लिए समयसीमा एक महीने के लिए रखी गई है। अन्य दिनों में अलग-अलग जोन में ऐसे शिविर लगाए जाएंगे। सुशासन तिहार के अंतर्गत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दौरे अलग-अलग जिलों में हो रहे हैं। इसके लिए औचक कार्यक्रम बनाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के प्रवास में लोगों की समस्या हल होने के साथ विकास को ही पंख लग रहे हैं। कोरबा जिले के ग्रामीण क्षेत्र में उनका दौरा कभी भी हो सकता है। इस पर अधिकारियों की नजर है। - 07 मई