07-May-2026
...


मधुबनी, (ईएमएस)। मधुबनी जिले में अवैध हथियार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस एवं एसएसबी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। जयनगर थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक युवक को अवैध देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन एवं नकदी भी बरामद की है। इसकी जानकारी एसपी योगेंद्र कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दिया है। इसमें बताया गया है कि 6 मई की संध्या करीब चार बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से दुर्गा मंदिर जयनगर रेलवे फाटक के रास्ते अवैध हथियार लेकर गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एसएसबी एवं जयनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम रेलवे फाटक के समीप निगरानी में जुट गई। इसी दौरान शाम करीब 5.35 बजे एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में युवक ने अपना नाम प्रदीप कुमार सिंह बताया। पुलिस द्वारा विधिवत तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छुपाकर रखा गया एक देशी पिस्टल एवं सात जिंदा कारतूस बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रदीप कुमार सिंह, पिता स्वर्गीय मिश्री प्रसाद, निवासी कोरहिया वार्ड संख्या-04, थाना जयनगर, जिला मधुबनी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, 1670 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन एवं एक मोटरसाइकिल जब्त किया है। इस संबंध में जयनगर थाना में आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है तथा गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। - ०७ मई/२०२६/ईएमएस