राज्य
07-May-2026


* साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन सक्रिय होने से मौसम ने बदला मिजाज, किसानों की चिंता बढ़ी अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में एक ओर जहां भीषण गर्मी और तपिश से लोग परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर राज्य के कई हिस्सों में अचानक मौसम ने करवट ले ली है। खासकर सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात के कुछ क्षेत्रों में बेमौसम बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है। मौसम विभाग ने आज राज्य के छह जिलों में बेमौसम बारिश की चेतावनी जारी की है। इस बीच नर्मदा जिले के सागबारा और देडियापाड़ा सहित कई क्षेत्रों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी दर्ज की गई है। नर्मदा जिले के देडियापाड़ा क्षेत्र में को अचानक मौसम बदल गया और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। कुछ स्थानों पर ओले गिरने की भी खबर है। दोपहर की तपती गर्मी के बीच अचानक हुई इस बारिश ने लोगों को राहत तो दी, लेकिन जनजीवन प्रभावित भी हुआ। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे सड़कों पर पानी बहने लगा। गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को अचानक हुई बारिश से थोड़ी ठंडक जरूर मिली, लेकिन यह राहत किसानों के लिए चिंता का कारण बन गई है। इस बेमौसम बारिश का सबसे बड़ा असर कृषि क्षेत्र पर देखने को मिल रहा है। राज्य में इस समय मक्का, मूंग, उड़द और आम जैसे ग्रीष्मकालीन फसलों की खेती चल रही है। अचानक हुई बारिश और ओलावृष्टि से इन फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार, यदि बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहता है तो खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हो सकती हैं। खासकर आम की फसल पर इसका गंभीर असर पड़ने की संभावना है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है। किसानों का कहना है कि पहले ही बढ़ती गर्मी और पानी की कमी से फसलें प्रभावित थीं, और अब इस बेमौसम बारिश ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है। मौसम विभाग के निदेशक ए. के. दास ने जानकारी दी है कि राज्य में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन सक्रिय है, जिसके चलते मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में आज गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार राजकोट, जूनागढ़, गिर सोमनाथ, अमरेली, भावनगर और बोटाद जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि पूर्व और दक्षिण गुजरात के कई जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। इन जिलों में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। जिसमें दाहोद, छोटा उदेपुर, नर्मदा, तापी और डांग जिले शामिल हैं| इन जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है। गुजरात में पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा था और कई जिलों में लू जैसे हालात बने हुए थे। लेकिन अचानक हुए इस मौसम परिवर्तन ने लोगों को चौंका दिया है। जहां एक ओर लोग भीषण गर्मी से परेशान थे, वहीं अब अचानक हुई बारिश ने मौसम को ठंडा तो किया है, लेकिन इसके साथ नई चुनौतियां भी खड़ी कर दी हैं। कुल मिलाकर देखा जाए तो गुजरात में मौसम का यह बदलाव दोहरी स्थिति लेकर आया है। आम लोगों को जहां गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों के लिए यह बारिश चिंता का कारण बन गई है। आने वाले दिनों में मौसम विभाग की चेतावनियों पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी, क्योंकि मौसम की यह अस्थिरता आगे भी जारी रह सकती है। सतीश/07 मई