क्षेत्रीय
07-May-2026
...


शाजापुर (ईएमएस)। मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक का शव एक खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि रास्ता भटकने के बाद लगातार भूखे-प्यासे रहने और प्रचंड लू की चपेट में आने से उसकी दर्दनाक मौत हुई होगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनेरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम दिलोदरी में बुधवार रात करीब 12 बजे ग्रामीणों ने एक खेत में एक युवक का शव देखा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही सुनेरा पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव का पंचनामा बनाया और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल शाजापुर रवाना किया। मृतक की शिनाख्त 28 वर्षीय माखन के रूप में हुई है। माखन मूल रूप से उज्जैन जिले की घटिया तहसील के ग्राम खजूरिया सदर का निवासी बताया जा रहा है। परिजनों के मुताबिक, वह मानसिक रूप से विक्षिप्त था और बीते 24 अप्रैल को शाजापुर जिले के ग्राम लोहारवास में अपने मामा के यहां एक कार्यक्रम में शिरकत करने आया हुआ था। सुनेरा पुलिस के अनुसार माखन 3 मई को अपने मामा के घर से बिना किसी को कुछ बताए निकल गया था। परिजनों ने पहले उसे अपने स्तर पर हर संभावित जगह तलाशा, जब उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो 6 मई को शाजापुर कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक के शरीर पर किसी भी तरह के चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। चूंकि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, इसलिए पूरी संभावना है कि वह रास्ता भटक गया होगा। सुनसान इलाके में तेज गर्मी और कई दिनों तक भोजन-पानी न मिलने के कारण उसकी मृत्यु हो गई। फिलहाल, मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। ईएमएस / 07/05/2026