बालाघाट (ईएमएस). उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार ‘कॉलेज चलो अभियान’ के द्वितीय चरण के अंतर्गत 7 मई को महाविद्यालय के कॉलेज चलो अभियान दल द्वारा श्याम बिहारी वर्मा शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, बालाघाट का भ्रमण किया गया। इस दल में महाविद्यालय के नोडल अधिकारी डॉ. योगेश कुमार विजयवार, सहायक नोडल अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार मेश्राम एवं सदस्य डॉ. मिथिलेश्वरी घोरमारे शामिल थे। दल ने विद्यालय के प्राचार्य शरद ज्योतिषी से भेंट कर 12 वीं उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं की सूची उनके पते एवं मोबाइल नंबर सहित प्राप्त की। महाविद्यालय में प्रवेश के लिए आयोजित ‘कॉलेज चलो अभियान मेले’ में उपस्थित होने के लिए विद्यार्थियों से फोन पर संपर्क किया जा रहा है। मेले में प्रवेश प्रक्रिया की संपूर्ण जानकारी तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। कॉलेज चलो अभियान मेला 9 मई को दोपहर 12 बजे से महाविद्यालय के वर्चुअल कक्ष में आयोजित किया जाएगा। जिले के अन्य विद्यालयों की सूची जिला शिक्षा अधिकारी से प्राप्त कर उन्हें भी मेले में सम्मिलित किया जाएगा। महाविद्यालय प्रशासन ने 12वीं उत्तीर्ण सभी विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर प्रवेश संबंधी जानकारी प्राप्त करें और अपने उज्ज्वल भविष्य की नींव रखें। भानेश साकुरे / 07 मई 2026