जहानाबाद, (ईएमएस)। बिहार पुलिस ने जहानाबाद जिले के ओकरी (घोषी) थाना क्षेत्र में मारपीट, फायरिंग और रंगदारी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 2 मई को मंडई वियर नहर परियोजना का कार्य चल रहा था। इसी दौरान गमछा लपेटे छह अज्ञात अपराधियों ने कार्यस्थल पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने पोकलेन मशीन के शीशे तोड़ दिए और चालक के साथ बुरी तरह मारपीट की। अपराधियों ने चालक से मशीन की चाबी और मोबाइल छीन लिया तथा रंगदारी की मांग करते हुए काम बंद नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी। दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 देशी कट्टा, 11 जिंदा कारतूस और 2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। संतोष झा- ०७ मई/२०२६/ईएमएस