बालाघाट (ईएमएस). जनगणना-2027 के अंतर्गत जिले में 1 मई से घर-घर जाकर मकान सूचीकरण का कार्य निरंतर जारी है। यह कार्य 30 मई तक किया जाना है। बालाघाट तहसील के अंतर्गत कार्यरत पांच प्रगणकों ने अपने-अपने हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) का कार्य निर्धारित समय में शत-प्रतिशत पूर्ण कर उत्कृष्ट कार्य का उदाहरण प्रस्तुत किया है। इन प्रगणकों को 7 मई को प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं कलेक्टर मृणाल मीना द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एसडीएम गोपाल सोनी भी उपस्थित रहे। जनगणना-2027 के प्रथम सात दिनों में एचएलबी-0039 पाथरवाड़ा के प्रगणक वीरेन्द्र कुमार श्रीवास्त्री ने 248 मकानों की गणना का कार्य पूर्ण किया। इसी प्रकार एचएलबी-00133 देवरी के प्रगणक अशोक भगत द्वारा 239 मकानों, एचएलबी-0027 धापेवाड़ा की प्रगणक सीमा डहरवाल द्वारा 232 मकानों, एचएलबी-0132 देवरी के प्रगणक देवेन्द्र वाकड़े द्वारा 232 मकानों तथा एचएलबी-0095 भालेवाड़ा के प्रगणक दिलीप रहांगडाले द्वारा 247 मकानों की गणना का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। कलेक्टर मृणाल मीना ने इन सभी प्रगणकों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य को पूरी जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ संपादित किया है। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य देश की विकास योजनाओं के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और सटीक आंकड़े शासन की योजनाओं को प्रभावी बनाने में सहायक होते हैं। कलेक्टर मीना ने जिले की जनता से अपील की कि जब जनगणना-2027 के लिए प्रगणक उनके घर पहुंचें, तो उन्हें सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं तथा इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य के सफल संचालन में आमजन की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है, जिससे जिले में यह कार्य सुगमता एवं समय सीमा में पूर्ण किया जा सके। भानेश साकुरे / 07 मई 2026