बालाघाट (ईएमएस). रायल क्रिकेट क्लब बालाघाट के तत्वावधान में 21 मई से जूनियर लेदर बाल लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है। यह स्पर्धा स्थानीय शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के खेल मैदान में होगी। स्पर्धा में 14, 16, 19 आयु वर्ग के खिलाड़ी शामिल होंगे। इस स्पर्धा के लिए बालाघाट जिले की दो टीमों का चयन किया जाएगा, जिसके चयन के लिए ट्रायल 17 व 18 मई को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के खेल मैदान में किया जाएगा। ट्रायल में शामिल होने के लिए ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया 7 मई से प्रारंभ कर दी गई है। भाग लेने वाले खिलाड़ी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों ही प्रक्रिया से पंजीयन करा सकते हैं। आयोजकों ने बताया कि इस स्पर्धा में बालाघाट के अलावा जबलपुर, सिवनी, मंडला, गोंदिया, तिरोड़ा सहित अन्य शहरों की टीमें भी हिस्सा ले रही है। भानेश साकुरे / 07 मई 2026