अंतर्राष्ट्रीय
07-May-2026


ढाका (ईएमएस)। बांग्लादेश में खसरे का प्रकोप लगातार भयावह रूप लेता जा रहा है। बीते 24 घंटों के भीतर 12 और बच्चों की मौत होने के बाद इस संक्रामक बीमारी से जान गंवाने वाले बच्चों की संख्या बढ़कर 336 हो गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि बीमारी को रोकने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन संक्रमण की रफ्तार अभी भी चिंता बढ़ाने वाली बनी हुई है। स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के अनुसार पिछले 24 घंटों में खसरे जैसे लक्षणों वाले 1238 बच्चों को देशभर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। 15 मार्च से शुरू हुए इस प्रकोप के बाद अब तक हजारों परिवार प्रभावित हो चुके हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक 45498 संदिग्ध मामले सामने आए हैं, जबकि उपचार के बाद 28238 बच्चों को अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि वास्तविक स्थिति सरकारी आंकड़ों से कहीं अधिक गंभीर हो सकती है। कई बच्चे अस्पताल तक पहुंच ही नहीं पा रहे हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक मामलों का कोई आधिकारिक रिकॉर्ड नहीं बन पा रहा है। अधिकारियों ने यह भी स्वीकार किया है कि पिछले महीने से जांच उपकरणों की कमी बनी हुई है, जिससे समय पर पुष्टि और उपचार में कठिनाई आ रही है। राजधानी ढाका सहित कई इलाकों में लोगों के बीच चिंता बढ़ गई है। सरकार ने आपात चिकित्सा अभियान तेज करने, बच्चों के टीकाकरण को बढ़ाने और प्रभावित क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य दल भेजने के निर्देश दिए हैं। सुबोध/०७-०५-२०२६