अंतर्राष्ट्रीय
07-May-2026


सिंगापुर (ईएमएस)। सिंगापुर में स्वास्थ्य विभाग ने हंतावायरस से प्रभावित क्रूज जहाज के संपर्क में आने के बाद दो निवासियों को आइसोलेट किया है। ये दोनों व्यक्ति उस समुद्री यात्री जहाज के संपर्क में आए थे, जहां दुर्लभ एंडीज हंतावायरस संक्रमण फैलने के बाद कई लोग संक्रमित पाए गए और कुछ मौतों की भी पुष्टि हुई। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार दोनों पुरुषों की उम्र 65 और 67 वर्ष है। दोनों हाल ही में उस अंतरराष्ट्रीय समुद्री यात्रा का हिस्सा थे, जहां संक्रमण फैलने की जानकारी सामने आई थी। बताया गया है कि दोनों यात्रियों ने 25 अप्रैल को एक ऐसे यात्री के साथ हवाई यात्रा भी की थी, जिसमें बाद में इस दुर्लभ संक्रमण की पुष्टि हुई और दक्षिण अफ्रीका में उसकी मृत्यु हो गई। दोनों यात्रियों के इस महीने की शुरुआत में सिंगापुर पहुंचने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए उन्हें राष्ट्रीय संक्रामक रोग केंद्र में अलग निगरानी में रखा। फिलहाल दोनों की चिकित्सकीय जांच की जा रही है और नमूनों की रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। सुबोध/०७-०५-२०२६