- औचक निरीक्षण कर एसईसीएल को दी कड़ी चेतावनी कोरबा (ईएमएस) कोरबा-पश्चिम दीपका क्षेत्र में कोयला उत्खनन और परिवहन से फैल रहे अत्यधिक प्रदूषण की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल की क्षेत्रीय टीम ने दीपका खदान का औचक निरीक्षण किया, इस दौरान टीम ने भारी अनियमितताएं पाईं जिस पर एसईसीएल प्रबंधन को व्यवस्था सुधारने के कड़े निर्देश दिए। - सड़कों पर धूल का गुबार और निष्क्रिय स्प्रिंकलर लंबे समय से आम जनता और मीडिया के माध्यम से यह बात सामने आ रही थी कि एसईसीएल दीपका क्षेत्र में डस्ट कंट्रोल के प्रति लापरवाह बना हुआ है। मंडल ने 2 माह पूर्व भी नोटिस जारी किया था, लेकिन स्थिति में सुधार न होने पर 07 मई को टीम ने धरातल पर जांच की निरीक्षण के दौरान थाना चौक से श्रमिक चौक तक की सड़क का जायजा लिया गया। खराब पड़े स्प्रिंकलर और अनुपयोगी व्हील वाशिंग सिस्टम को लेकर अधिकारियों को फटकार लगाई गई। ठेकेदारी प्रथा के तहत किए जा रहे पानी छिड़काव की खानापूर्ति को बंद कर इसे प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए। - रेलवे साइडिंग में मिलीं भारी अनियमितताएं चैनपुर-गांधीनगर से सटी दीपका रेलवे साइडिंग में टीम ने पाया कि कोयले को गीला किए बिना ही सूखा लोड किया जा रहा था, इस लापरवाही के कारण पूरा क्षेत्र धूल के गुबार में समाया रहता है। पर्यावरण मंडल ने इस पर सख्त नाराजगी जाहिर करते हुए एक माह के भीतर स्प्रेगन और स्प्रिंकलर सिस्टम स्थापित करने का अल्टीमेटम दिया। - कोहरे की तरह छाया रहता है कोल डस्ट-शेत मसीह निरीक्षण के दौरान मौजूद पर्यावरण विभाग के सांसद प्रतिनिधि शेत मसीह ने स्थिति की गंभीरता को रेखांकित करते हुए कहा कि दीपका क्षेत्र में कोयला परिवहन के कारण कोल डस्ट की ऐसी चादर बिछी रहती है, मानो पूरा शहर कोहरे से ढका हो, यह आम जनमानस के स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित में प्रदूषण नियंत्रण के मानकों का पालन अनिवार्य है और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। - निरीक्षण दल की मौजूदगी इस महत्वपूर्ण कार्यवाही के दौरान क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी, सांसद प्रतिनिधि शेत मसीह, एसईसीएल दीपका के पर्यावरण एवं सिविल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समयावधि में सुधार नहीं हुआ तो आगामी दिनों में और भी सख्त दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। - 08 मई