क्षेत्रीय
08-May-2026
...


कोरबा (ईएमएस)। सार्वजनिक क्षेत्र के वृहद उपक्रम कोल् इंडिया की अनुसांगिक कंपनी एसईसीएल बिलासपुर के अधीन कोरबा-पश्चिम क्षेत्र में स्थापित एवं संचालित खुले मुहाने की गेवरा कोयला परियोजना अंतर्गत एसईसीएल की मेगा परियोजना एसईसीएल गेवरा एरिया के पूर्व महाप्रबंधक एवं हाल ही में निर्देशक तकनीकी (डीटी) पद पर पदोन्नत हुए अरुण कुमार त्यागी का अर्धरात्रि हुए सड़क हादसे में निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की खबर से पूरे कोयलांचल क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार अरुण कुमार त्यागी अपनी नई पदस्थापना जॉइन करने के लिए सिंगरौली रवाना हुए थे। बताया जा रहा है कि वे गुरुवार रात्रि लगभग 12 बजे अपनी इनोवा कार से गेवरा से निकले थे। इसी दौरान कोरबा-चोटिया मार्ग पर चोटिया के पास उनकी कार की एक पार्सल वाहन से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे गंभीर घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों एवं राहगीरों की मदद से उन्हें उपचार के लिए अपोलो अस्पताल पहुंचाया गया, जहां शुक्रवार सुबह लगभग 3 बजे चिकित्सको ने परीक्षण उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसईसीएल के अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके शुभचिंतक बड़ी संख्या में चिकित्सालय पहुंच गए। अरुण कुमार त्यागी के निधन की खबर फैलते ही परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रो, गेवरा सहित पूरे कोयलांचल क्षेत्र में शोक की लहर फैल गयी। अरुण कुमार त्यागी को शांत, सहज, सरल, मृदभासी, एक कुशल प्रशासक, सरल स्वभाव एवं सौम्य व्यक्तित्व वाले अधिकारी के रूप में जाना जाता था। उनके नेतृत्व में गेवरा एरिया में कई महत्वपूर्ण कार्य संपादित किए गए थे। उनके निधन पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर गेवरा महाप्रबंधक संजय मिश्रा समेत अन्य अधिकारियों ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए शोक संवेदना व्यक्त की है। - 08 मई