क्षेत्रीय
08-May-2026
...


बालोद (ईएमएस)। जिला में भीषण गर्मी का असर अब वन्यजीवों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। भोजन और पानी की तलाश में गांव की ओर पहुंचे एक तेंदुए के कुएं में गिरने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। तेंदुए की उम्र लगभग 4 वर्ष बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, जगतरा गांव में देर रात पानी और शिकार की तलाश में पहुंचा तेंदुआ अचानक एक कुएं में गिर गया। बताया जा रहा है कि वह कुएं के भीतर मोटर पाइप के सहारे लटका हुआ है और बाहर निकलने की कोशिश कर रहा है। सुबह जब ग्रामीण पानी भरने के लिए कुएं के पास पहुंचे तो अंदर तेंदुए को देखकर हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। फिलहाल तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारी की जा रही है। एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को कुएं से दूर रहने की सलाह दी गई है। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी है, जिससे वन विभाग को रेस्क्यू में अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ रही है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा और फिर उसे जंगल में छोड़ा जाएगा। - (ईएमएस) 08 मई 2026