क्षेत्रीय
08-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। मयूर विहार फेस-तीन के कई इलाकों में दूषित पानी की सप्लाई लोगों के लिए स्वास्थ्य और जल संकट के रूप में गंभीर समस्या बन गई है। घरों के नलों से सीवर का गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है। इसके उपयोग से लोगों में स्वास्थ्य संबंधी खतरे बढ़ते जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद संबंधित अधिकारी प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। स्थानीय निवासी अनिल कुमार ने बताया कि मयूर विहार फेस-तीन की जीडी कालोनी में पिछले पंद्रह दिनों से जल बोर्ड द्वारा दूषित पानी की सप्लाई की जा रही है। जहां नलों से पीने योग्य पानी आना चाहिए, वहां काला और बदबूदार पानी आ रहा है। इसके उपयोग से लोगों को उल्टी, दस्त और बुखार जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस पानी का उपयोग न तो पीने में किया जा सकता है और न ही साफ-सफाई के लिए। मजबूरी में लोग बोतलबंद पानी खरीद रहे हैं, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। परिवार में मौजूद बच्चों और बुजुर्गों को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। - ईएमएस/08/ मई/2026