क्षेत्रीय
08-May-2026
...


- जनरल कोच यात्रियों को 20 रुपए में मिल रहा पूड़ी-सब्जी और लेमन राइस - यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशनों पर लगाए गए विशेष स्टॉल बिलासपुर (ईएमएस)। गर्मी की छुट्टियों और ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने सामान्य श्रेणी के यात्रियों को बड़ी राहत दी है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल अंतर्गत बिलासपुर, उसलापुर, रायगढ़ और अनूपपुर रेलवे स्टेशनों पर इकोनॉमी मील (जनता खाना) स्टॉल शुरू किए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से यात्रियों को किफायती दरों पर स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। रेलवे प्रशासन द्वारा यह स्टॉल प्लेटफॉर्म और विशेष रूप से जनरल कोच के सामने लगाए जा रहे हैं, ताकि सामान्य श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों को आसानी से भोजन मिल सके। यात्रियों को मात्र 20 रुपए में पूड़ी-सब्जी अथवा लेमन राइस जैसे भोजन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अलावा 14 रुपए में एक लीटर पैकेज्ड पेयजल रेल नीर भी उपलब्ध कराया जा रहा है। - मंडल के सभी स्टेशनों में लगाया जाएगा स्टॉल रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस सुविधा का उद्देश्य यात्रियों को यात्रा के दौरान सस्ती और बेहतर खानपान सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें भोजन के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े। मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के नेतृत्व में यह पहल शुरू की गई है। रेलवे प्रशासन ने बताया कि आने वाले समय में मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी जनता खाना स्टॉल शुरू किए जाएंगे। - 08 मई 2026