- क्रिकेट कोच पर सरकारी संपत्ति नुकसान पहुंचाने के आरोप जबलपुर (ईएमएस)। रानीताल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित रानीताल बल्ली क्रिकेट एकेडमी के कोच पर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और अवैध कब्जे के आरोप लगे हैं। इस संबंध में अन्य क्रिकेट एकेडमी संचालकों ने खेल विभाग के अधिकारियों को शिकायत सौंपकर जांच की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एकेडमी संचालक द्वारा खेल परिसर की सरकारी संपत्ति में तोड़फोड़ की जा रही है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि सरकारी संपत्ति को हड़पने की नीयत से नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया है कि इस पूरी घटना के साक्ष्य परिसर में लगे सरकारी कैमरों में भी रिकॉर्ड हुए हैं। शिकायतकर्ताओं के अनुसार पिछले 12 से 15 वर्षों से संचालित अन्य क्रिकेट एकेडमियों के संचालकों को जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं। आरोप है कि खेल गतिविधियों में बाधा डालने के उद्देश्य से सरकारी अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की जाती है। खेल जगत से जुड़े लोगों ने मांग की है कि खिलाड़ियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जाए और असामाजिक तत्वों को खेल परिसर से दूर रखा जाए। एमएच क्रिकेट एकेडमी, जेपी क्रिकेट एकेडमी और जाबाली क्रिकेट एकेडमी के संचालकों ने सामूहिक रूप से मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि लोक निर्माण मंत्री, खेल मंत्री, क्षेत्रीय विधायक, संभागीय अधिकारी और कलेक्टर जबलपुर को भी भेजी गई है। संचालकों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए। - 08 मई 2026/ 05.29