राष्ट्रीय
08-May-2026


* ‘सोमनाथ अमृत पर्व’ के तहत 75वें पुनर्प्राण प्रतिष्ठा वर्ष का होगा ऐतिहासिक उत्सव, रोड शो से लेकर पुष्पवर्षा तक अनेक आयोजन अहमदाबाद (ईएमएस)| सोमनाथ मंदिर में आगामी 11 मई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। इस अवसर पर गुजरात सरकार के कृषि एवं प्रवक्ता मंत्री जीतू वाघाणी ने सागर दर्शन स्थित मीटिंग हॉल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। प्रेस वार्ता में शिक्षा मंत्री प्रद्युम्नसिंह वाजा, वन एवं पर्यावरण मंत्री अर्जुन मोढवाडिया, सांसद राजेश चूडास्मा तथा विधायक अनिरुद्ध दवे सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। * अनेक आक्रमणों के बावजूद अडिग रहा सोमनाथ कृषि मंत्री जीतू वाघाणी ने कहा कि द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रथम सोमनाथ मंदिर पर इतिहास में अनेक आक्रमण हुए, लेकिन कोई भी आस्था और अस्मिता को डिगा नहीं सका। आज भी सोमनाथ मंदिर सनातन धर्म की अटूट श्रद्धा और भव्यता के साथ अडिग खड़ा है। उन्होंने कहा कि मंदिर के पुनर्निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘सोमनाथ अमृत पर्व’ पूरे गुजरात और देश के लिए गौरव का विषय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर राज्यभर में उत्साह और आनंद का वातावरण है। * पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत को बताया “दूसरी आजादी” प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री ने कहा कि देश के तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की विजय जनता के सरकार पर विश्वास का प्रतीक है। विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में मिली ऐतिहासिक जीत को उन्होंने “भारत की आजादी के बाद दूसरी आजादी” के समान बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों को जनता ने इस जीत के माध्यम से स्वीकार किया है। * सरदार पटेल के संकल्प से पुनर्निर्मित हुआ था सोमनाथ मंत्री ने लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का उल्लेख करते हुए कहा कि जब सरदार पटेल ने सोमनाथ के खंडहर देखे थे, तब वे भावुक हो उठे थे। उन्होंने समुद्र का जल हाथ में लेकर मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया था। इसके बाद 11 मई 1951 को भारत के प्रथम राष्ट्रपति Rajendra Prasad के करकमलों से सोमनाथ महादेव की प्राण प्रतिष्ठा सम्पन्न हुई थी। इस ऐतिहासिक अवसर के 75 वर्ष पूरे होने पर ‘अमृत पर्व’ मनाया जा रहा है। * प्रधानमंत्री का रोड शो बनेगा आकर्षण का केंद्र मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 मई की सुबह जामनगर से सोमनाथ पहुंचेंगे। यहां त्रिवेणी हेलीपैड से वीर हमीरजी गोहिल सर्कल तक लगभग एक किलोमीटर लंबा रोड शो आयोजित होगा। रास्ते में विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झलकियां प्रस्तुत की जाएंगी। 12 ज्योतिर्लिंगों की विशेष झांकियां, लोकनृत्य तथा पारंपरिक प्रस्तुतियां रोड शो का मुख्य आकर्षण रहेंगी। विभिन्न कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे। * पारंपरिक स्वागत और मंदिर में विशेष पूजन मंदिर परिसर में ऋषिकुमार और आहिर समाज की महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगी। बंगाली परिवार भी पारंपरिक परिधान में उपस्थित रहेंगे। प्रधानमंत्री मंदिर में कुंभाभिषेक, ध्वज पूजा और महापूजा करेंगे। इस दौरान “सूर्यकिरण” विमान दल द्वारा एयर शो प्रस्तुत किया जाएगा तथा हेलिकॉप्टर से मंदिर परिसर में पुष्पवर्षा की जाएगी। * सद्भावना मैदान में जनसभा को करेंगे संबोधित मंदिर कार्यक्रमों के पश्चात प्रधानमंत्री सद्भावना मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। ‘सोमनाथ अमृत पर्व’ के तहत मंदिर परिसर में अनेक आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह आयोजन विश्वभर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक बनेगा। सोमनाथ कार्यक्रम के पश्चात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वडोदरा जाएंगे, जहां वे सरदार धाम शैक्षणिक संकुल का लोकार्पण करेंगे। सतीश/08 मई