राष्ट्रीय
08-May-2026


चंडीगढ़ (ईएमएस)। हरियाणा में आयोजित सद्भाव यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोग भले यह मान रहे हों कि उनका शासन हमेशा चलता रहेगा, लेकिन अब देश की जनता सब समझ चुकी है और जल्द ही जनाक्रोश सत्ता परिवर्तन की नई कहानी लिखेगा। उन्होंने कहा कि जनता के धैर्य की भी एक सीमा होती है और जब लोगों का विश्वास टूटता है, तब बदलाव निश्चित हो जाता है। सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बनाया जा रहा है और चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने दावा किया कि कई राज्यों में जनमत को कमजोर करने का प्रयास किया गया, लेकिन कांग्रेस जनता की ताकत के भरोसे हर चुनौती का मुकाबला करेगी। राहुल गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता संघर्ष की राह से पीछे हटने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि अन्याय के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी और जनता की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा। सद्भाव यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राएं नेताओं को जमीन से जोड़ती हैं। जनता के बीच जाकर उनकी परेशानियां समझने से राजनीति की सही दिशा तय होती है। उन्होंने पार्टी के युवा नेताओं से देशभर में इसी तरह लोगों के बीच जाने का आह्वान किया। राहुल गांधी ने बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, बढ़ती महंगाई और आर्थिक नीतियों को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा। उनके इस बयान के बाद राष्ट्रीय राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। सुबोध/०८-०५-२०२६