नई दिल्ली (ईएमएस)। राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित तीनों सेनाओं के संयुक्त कमांडर सम्मेलन में रक्षा मंत्री जनाथ सिंह ने भारतीय सेनाओं को भविष्य के युद्ध के लिए बड़ा रणनीतिक संदेश दिया। रक्षा मंत्री ने साफ कहा कि आधुनिक युद्ध केवल हथियारों की ताकत से नहीं, बल्कि रणनीतिक बढ़त, तकनीकी क्षमता और दुश्मन को चौंका देने वाली कार्रवाई से जीते जाते हैं। उन्होंने सेनाओं को ऐसा कदम उठाने का मंत्र दिया, जिसकी दुश्मन को बिल्कुल भी उम्मीद न हो। रक्षा मंत्री ने कहा कि हाल के सैन्य अभियानों ने दुनिया को भारत की नई सैन्य शक्ति और दृढ़ संकल्प का परिचय कराया है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेनाएं अब केवल पारंपरिक युद्ध तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बदलते समय के साथ नई युद्ध पद्धतियों को तेजी से अपना रही हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में युद्ध की तस्वीर पूरी तरह बदलने वाली है। अब लड़ाई केवल जमीन, आकाश और समुद्र तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि साइबर, अंतरिक्ष, सूचना और तकनीकी मोर्चे भी उतने ही महत्वपूर्ण होंगे। इसलिए सेनाओं को हर मोर्चे पर तैयार रहना होगा। सुबोध/०८-०५-२०२६