:: इंदौर के किसान संतोष सिंह को मिला करीब 6 लाख का भुगतान, जिले के 90 केंद्रों पर सुचारू है उपार्जन :: इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप इंदौर जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के साथ-साथ किसानों को भुगतान की प्रक्रिया भी अब सुपर फास्ट मोड पर आ गई है। प्रशासन की सक्रियता का ही परिणाम है कि किसानों को अपनी उपज बेचने के मात्र तीन दिनों के भीतर भुगतान प्राप्त हो रहा है। समय पर मिल रही राशि से किसानों में संतोष है और वे मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त कर रहे हैं। त्वरित भुगतान का एक बड़ा उदाहरण ग्राम मुरादपुर के कृषक संतोष सिंह पिता दातार सिंह राठौड़ के रूप में सामने आया है। संतोष सिंह ने 4 मई को लक्ष्य वेयरहाउस खरीदी केंद्र पर अपना 217 क्विंटल गेहूं विक्रय किया था। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशों के पालन में, खरीदी के दिन ही भुगतान की स्वीकृति जारी कर दी गई। इसका सुखद परिणाम यह रहा कि 7 मई की सुबह ही संतोष सिंह के खाते में 5 लाख 97 हजार 187 रुपये की राशि जमा हो गई। इतनी जल्दी भुगतान मिलने पर किसान ने खुशी जताते हुए प्रदेश सरकार का धन्यवाद किया। :: 90 केंद्रों पर 23 मई तक होगी खरीदी :: कलेक्टर शिवम वर्मा ने उपार्जन कार्य में जुटे अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि खरीदी के दिन ही स्वीकृति पत्र तैयार किए जाएं ताकि भुगतान प्रक्रिया में कोई विलंब न हो। वर्तमान में जिले के 90 केंद्रों पर गेहूं की खरीदी सुचारू रूप से चल रही है। प्रशासन की इस मॉनिटरिंग से बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो गई है और सीधे किसानों को लाभ मिल रहा है। जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का यह कार्य आगामी 23 मई तक निरंतर जारी रहेगा। प्रकाश/08 मई 2026