राज्य
08-May-2026
...


:: किशनगंज में डायल-112 की सजगता ने दूर की माता-पिता की चिंता, 11 वर्षीय बालक को पुलिसकर्मियों ने दिया संरक्षण :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिले के किशनगंज थाना क्षेत्र में डायल-112 के जवानों की संवेदनशीलता और सक्रियता से एक मासूम बालक को फिर से अपने घर की खुशियाँ मिल गईं। घर का रास्ता भटक कर घबराए हुए 11 वर्षीय बालक को पुलिस ने न केवल सुरक्षित संरक्षण दिया, बल्कि कड़ी मशक्कत के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द किया। पुलिस की इस तत्परता की क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है और परिजनों ने नम आँखों से जवानों का आभार व्यक्त किया है। वाकया 7 मई का है, जब भोपाल स्थित राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि किशनगंज क्षेत्र के रॉयल रेसीडेंसी के पास एक छोटा बच्चा अकेला घूम रहा है और रास्ता भटक गया है। मामला मासूम की सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण पुलिस तुरंत हरकत में आई। सूचना मिलते ही किशनगंज क्षेत्र की डायल-112 एफआरव्ही को मौके पर रवाना किया गया। :: धैर्य और आत्मीयता से जीती बालक की हिम्मत :: मौके पर पहुँचे उप निरीक्षक श्रीमती कृष्णा, आरक्षक सुनील और पायलट राजेंद्र ठाकुर ने बालक को अपने संरक्षण में लिया। बच्चा अत्यधिक डरा हुआ था और अपने घर या परिजनों के बारे में कुछ भी स्पष्ट बताने की स्थिति में नहीं था। पुलिस टीम ने धैर्य का परिचय देते हुए पहले उसे शांत किया और फिर उसे साथ लेकर आसपास के क्षेत्रों में परिजनों की तलाश शुरू की। जवानों ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की और सघन प्रयासों के बाद अंततः परिजनों का सुराग मिल गया। :: बच्चे को सकुशल पाकर परिजन भावुक :: पुलिस टीम जब बालक को लेकर उसके घर पहुँची, तो उसे सकुशल पाकर माता-पिता की खुशी का ठिकाना न रहा। उचित पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया के बाद बालक को सुरक्षित सौंप दिया गया। डायल 112 हीरोज श्रृंखला की यह घटना एक बार फिर सिद्ध करती है कि मध्य प्रदेश पुलिस न केवल अपराध नियंत्रण, बल्कि मानवता की सेवा और बच्चों की सुरक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। प्रकाश/08 मई 2026