गिरिडीह (ईएमएस)। झारखंड के गिरिडीह जिले से शुक्रवार की रात दिल दहला देने वाली खबर सामने आई, जहां तेज रफ्तार से आ रहे एक भारी ट्रक ने सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा तफरी मच गई और बाजार में मौजूद लोग दहशत में इधर उधर भागने लगे। यह हादसा जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुराने राजमार्ग पर मुख्य बाजार के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सड़क किनारे कई वाहन खड़े थे और लोग सामान्य गतिविधियों में व्यस्त थे। तभी अचानक तेज गति से आया ट्रक नियंत्रण खो बैठा और एक के बाद एक कई वाहनों को रौंदता चला गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास खड़े लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घायलों में दो लोगों को गंभीर हालत में निजी चिकित्सालय भेजा गया है, जबकि पांच अन्य का जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान करने का प्रयास जारी है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है। सुबोध/०८-०५-२०२६