राज्य
08-May-2026
...


:: इंदौर की सक्रिय राजनीति का एक सितारा अस्त, छात्र राजनीति से शुरू कर विधानसभा में लगाई थी जीत की हैट्रिक :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर की राजनीति के एक जुझारू और जमीनी हस्ताक्षर, कांग्रेस के पूर्व विधायक अश्विन जोशी का शुक्रवार सुबह हृदयघात (दिल का दौरा) पड़ने से दुखद निधन हो गया। वे 66 वर्ष के थे। जोशी पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। शुक्रवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की सूचना मिलते ही शहर के राजनैतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, अश्विन जोशी शुगर, श्वास संबंधी विकार और पैरों की बीमारी से जूझ रहे थे। शुक्रवार सुबह अचानक उन्हें सांस लेने में अत्यधिक कठिनाई हुई। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर रवाना हुए, किंतु नियति को कुछ और ही मंजूर था; रास्ते में ही उन्होंने अंतिम सांस ली। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उनके निधन की पुष्टि की। :: छात्र राजनीति से चमके, विधानसभा में लगाई जीत की हैट्रिक :: अश्विन जोशी ने अपने राजनैतिक जीवन की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी। छात्र संघ के दौर से ही वे अपनी सक्रियता के लिए पहचाने जाने लगे थे। वे कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे स्वर्गीय महेश जोशी के भतीजे थे और उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का बेहद करीबी माना जाता था। जोशी इंदौर की विधानसभा सीट क्रमांक-3 से लगातार तीन बार विधायक चुने गए। उन्होंने 1998 में भाजपा की लहर के बावजूद कड़े मुकाबले में जीत दर्ज की थी। हालांकि, 2013 के चुनाव में उन्हें भाजपा की उषा ठाकुर से पराजय का सामना करना पड़ा था। :: पानी वाले बाबा के नाम से मिली पहचान :: क्षेत्र क्रमांक-3 की जनता के बीच अश्विन जोशी पानी वाले बाबा के नाम से मशहूर थे। अपने कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में जल संकट दूर करने के लिए वे स्वयं टैंकरों के माध्यम से वार्डों में पानी की सप्लाई सुनिश्चित करवाते थे। इसके अलावा, 15 अगस्त को ऐतिहासिक राजवाड़ा पर स्वतंत्रता दिवस का जश्न भव्य रूप से मनाने की परंपरा शुरू करने का श्रेय भी उन्हें ही जाता है। :: श्रद्धांजलि : इंदौर ने खो दिया अपना समर्पित जनसेवक :: अश्विन जोशी के निधन पर प्रदेश के राजनैतिक दिग्गजों ने गहरा शोक व्यक्त किया है: दिग्विजय सिंह (पूर्व मुख्यमंत्री) : अश्विन का निधन अत्यंत पीड़ादायक है। वे हमारे परिवार के सदस्य की तरह थे। भगवान परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति दे। कमलनाथ (पूर्व मुख्यमंत्री) : इंदौर के सार्वजनिक जीवन में उनका स्थान सदा विशेष रहेगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे। जीतू पटवारी (प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष) : अश्विन जी का जाना एक हृदय विदारक समाचार है। मैं संपूर्ण जोशी परिवार के साथ इस दुख की घड़ी में खड़ा हूँ। अरुण यादव (पूर्व केंद्रीय मंत्री) : वे एक सरल और सौम्य जनप्रतिनिधि थे। जनसेवा के प्रति उनका समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। :: अंतिम विदाई आज :: नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे कांग्रेस के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। अश्विन जोशी का अंतिम संस्कार शनिवार को किया जाएगा, जिसमें शहर के कई गणमान्य नागरिक और राजनैतिक हस्तियां शामिल होंगी। प्रकाश/08 मई 2026