क्षेत्रीय
08-May-2026
...


नरसिंहपुर (ईएमएस)।. कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को एनटीपीसी गाडरवारा में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, पूर्व विधायक श्रीमती साधना स्थापक, नगर पालिका अध्यक्ष श्री शिवाकांत मिश्रा, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी गाडरवारा, तहसीलदार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी गाडरवारा और गणमान्य नागरिक मौजूद थे। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने बैठक में सड़क सुरक्षा के संबंध में प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवागमन को सुगम बनाने के लिए सड़क मार्ग से अतिक्रमण हटाने के लिए निर्देशित किया। बैठक में समिति के सदस्यों ने यातायात सुधारने, गड्ढों की मरम्मत करने, सड़क दुर्घटनाओं को रोकने, मनमानी तरीके से पार्किंग न करने, अतिक्रमण हटाने, एनटीपीसी वाहनों की गति निर्धारित करने आदि के संबंध में सुझाव दिए गए। उन्होंने एनटीपीसी को निर्देशित किया कि एनटीपीसी से लोड होने वाले वाहनों की जांच परिसर में ही करें। सड़क के किनारे वाहनों को अनावश्यक रूप से खड़े न रखने के निर्देश दिए। ईएमएस/राहुल वासनिक/ 08 मई 2026