* मौसम विभाग ने 6 दिनों के लिए जारी किया यलो अलर्ट, उत्तर गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ में हीटवेव की चेतावनी अहमदाबाद (ईएमएस)| शहर सहित पूरे गुजरात में भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। रविवार को सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग ने राज्य में अगले छह दिनों तक भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी जारी करते हुए येलो अलर्ट घोषित किया है। अनुमान है कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहेगा, जबकि अहमदाबाद में पारा 43 डिग्री को पार कर चुका है। आने वाले चार दिनों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 10 मई को गुजरात के बनासकांठा, पाटन, वडोदरा और सूरत जिलों के कुछ क्षेत्रों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र के सुरेंद्रनगर, राजकोट, पोरबंदर, अमरेली, भावनगर, द्वारका, गिर सोमनाथ, कच्छ और दीव में भी गर्मी का प्रकोप जारी रहने की संभावना है। विभाग ने विशेष रूप से उत्तर गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। राज्य की राजधानी गांधीनगर और अहमदाबाद में तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। कच्छ और बनासकांठा जैसे सीमावर्ती इलाकों में सूखी हवाओं के कारण गर्मी का असर और अधिक महसूस किया जा रहा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अरब सागर से आने वाली नम हवाओं में कमी और भूमि से उठ रही शुष्क हवाओं के कारण तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। यही वजह है कि दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही। सौराष्ट्र क्षेत्र में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। राजकोट, सुरेंद्रनगर और अमरेली जैसे जिलों में हीटवेव जैसी स्थिति देखी जा रही है। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और लोग अत्यधिक गर्मी से बचने के लिए घरों में रहने को मजबूर हैं। अस्पतालों में भी लू और डिहाइड्रेशन से संबंधित मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और धूप में निकलते समय सिर को ढकने की अपील की गई है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई है। ऐसे में राज्यभर में प्रशासन अलर्ट मोड पर है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। सतीश/10 मई