राज्य
10-May-2026
...


:: आयुक्त सिंघल ने किया सात प्रमुख चौराहों का निरीक्षण, लेफ्ट टर्न सुचारु करने और अतिक्रमण हटाने के दिए सख्त निर्देश :: इन्दौर (ईएमएस)। शहर में बढ़ते यातायात के दबाव और बार-बार लगने वाले जाम की समस्या को देखते हुए नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने मोर्चा संभाल लिया है। रविवार को आयुक्त ने विभागीय अधिकारियों के साथ शहर के सात से अधिक व्यस्ततम चौराहों और उनके लेफ्ट टर्न का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यातायात में बाधक बन रहे अतिक्रमणों और अवैध निर्माणों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। आयुक्त सिंघल ने रसोमा, चंद्रगुप्त, हाई कोर्ट, लैंटर्न, मृगनयनी, कृषि कॉलेज और महिंद्रा शोरूम चौराहे का दौरा कर वहां जाम के कारणों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जहाँ भी लेफ्ट टर्न अवरुद्ध हैं या विद्युत पोल और अवैध निर्माण के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। आयुक्त के अनुसार, लेफ्ट टर्न सुचारु होने से वाहनों का दबाव कम होगा और नागरिकों को समय की बचत के साथ जाम से बड़ी राहत मिलेगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चौराहों पर रोड मार्किंग, संकेतक बोर्ड (साइन बोर्ड) लगाने और डिवाइडर व्यवस्था को ट्रैफिक मूवमेंट के अनुरूप दुरुस्त करने के निर्देश भी कार्यपालन यंत्रियों को दिए। इस मौके पर अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, नगर श‍िल्पज्ञ (जनकार्य) पी.एस. कुशवाह सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन की इस सक्रियता से उम्मीद है कि आने वाले दिनों में शहर के प्रमुख जंक्शनों पर यातायात व्यवस्था अधिक सुदृढ़ और सुगम नजर आएगी। प्रकाश/10 मई 2026