:: सैन्य प्रशिक्षण के साथ सीख रहे साइबर सुरक्षा के गुर :: इन्दौर (ईएमएस)। राष्ट्र सेवा और अनुशासन के संकल्प के साथ एनसीसी ग्रुप इंदौर की 9 एमपी बटालियन द्वारा आयोजित 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर इन दिनों अपने पूरे शबाब पर है। स्थानीय श्री क्लॉथ मार्केट वैष्णव हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में आयोजित इस शिविर में मालवा-निमाड़ के विभिन्न अंचलों से आए युवा कैडेट्स कड़े सैन्य अनुशासन और प्रशिक्षण के बीच भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार कर रहे हैं। एनसीसी अधिकारी दर्शन शर्मा ने जानकारी दी कि 5 मई से प्रारंभ हुए इस शिविर में इन्दौर सहित सेंधवा, धार, बड़वानी, खरगौन और महू क्षेत्र के कुल 583 कैडेट्स अपनी सहभागिता दर्ज करा रहे हैं। अकेले वैष्णव स्कूल के ही 50 कैडेट्स इस सघन प्रशिक्षण का हिस्सा बने हैं। :: सेना के प्रशिक्षकों की देखरेख में रण-कौशल :: शिविर में केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक सैन्य प्रशिक्षण पर विशेष बल दिया जा रहा है। भारतीय सेना के 25 अनुभवी इंस्ट्रक्टर्स और 10 एनसीसी अधिकारियों की देखरेख में कैडेट्स को ड्रिल, वेपन ट्रेनिंग और फील्ड क्राफ्ट जैसे विषयों में पारंगत किया जा रहा है। सुबह की शुरुआत पीटी और ड्रिल से होती है, जो कैडेट्स में शारीरिक सौष्ठव और मानसिक दृढ़ता का संचार कर रही है। :: साइबर सुरक्षा पर विशेष व्याख्यान :: वर्तमान युग की डिजिटल चुनौतियों को देखते हुए शिविर में नवाचार भी किए गए हैं। सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ कैडेट्स को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए गहन सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। विशेषज्ञों द्वारा युवाओं को यह सिखाया जा रहा है कि डिजिटल परिवेश में सजग रहकर कैसे सुरक्षित रहा जा सकता है और समाज को जागरूक किया जा सकता है। यह शिविर न केवल युवाओं को सेना की कार्यप्रणाली से परिचित करा रहा है, बल्कि उनमें चारित्रिक विकास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव भी प्रबल कर रहा है। प्रकाश/10 मई 2026