:: कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा दल की कार्रवाई, जांच के लिए लैब भेजे गए 10 नमूने :: इन्दौर (ईएमएस)। शहर में खाद्य पदार्थों की शुद्धता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। विभाग के संयुक्त दल ने शहर की दो प्रमुख आइसक्रीम निर्माण इकाइयों का औचक निरीक्षण किया, जहाँ गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर एक इकाई का निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। कार्रवाई के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों से कुल 10 नमूने जांच हेतु लिए गए हैं। पहली कार्रवाई राजाराम नगर स्थित चैंपियंस आइसक्रीम एंड फ्रोजन फूड पर की गई। निरीक्षण के दौरान यहाँ न तो वैध लाइसेंस मिला और न ही पानी की जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। कच्चे माल का भंडारण अस्वच्छ पाया गया और निर्माण में जंग लगे सांचों का उपयोग हो रहा था। इस पर प्रशासन ने लाइसेंस प्राप्त होने तक इकाई का संचालन बंद करा दिया है। दूसरी ओर, छोटा बांगड़दा स्थित रुद्राक्ष आइसक्रीम इकाई पर भी टीम ने छापा मारा। यहाँ बिना लेबल के फ्लेवर्स का उपयोग और अस्वच्छ परिस्थितियों में आइसक्रीम निर्माण पाया गया। प्रशासन ने बिना लेबल वाले फ्लेवर्स को मौके पर ही नष्ट करवाया और संबंधित विक्रेता को नोटिस जारी करने की तैयारी की है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि खाद्य मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। प्रकाश/10 मई 2026