खेड़ा (ईएमएस)| जिले के शांत इलाके में एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। शादी समारोह में शामिल होने आए दो युवकों की नहर में डूबने से मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार खेड़ा जिले के उमरेठ तालुका के सुंदरपुरा गांव निवासी 26 वर्षीय शनि रमेशभाई वसावा अपने 18 वर्षीय भतीजे सावन हितेशभाई वसावा के साथ महुधा क्षेत्र के रामनगर गांव में रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। परिवार में शादी को लेकर उत्सव का माहौल था। इसी दौरान दोनों युवक गांव के पास स्थित सीमा क्षेत्र में घूमने निकल गए। वहां से गुजर रही रास्का वियर नहर को देखकर दोनों ने नहाने का फैसला किया। स्थानीय लोगों के मुताबिक उस समय नहर में पानी का बहाव बेहद तेज था। नहाते समय अचानक सावन गहरे पानी में फंसकर डूबने लगे। भतीजे को बचाने के लिए शनि वसावा तुरंत नहर में कूद पड़े, लेकिन तेज बहाव के आगे दोनों बेबस साबित हुए और देखते ही देखते पानी में समा गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही महुधा पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों युवकों के शव बाहर निकाले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिस घर में कुछ देर पहले तक शादी के गीत गूंज रहे थे, वहां अब चीख-पुकार और मातम का माहौल है। इस हृदयविदारक हादसे से पूरा गांव सदमे में है। सतीश/10 मई