राज्य
10-May-2026


:: अनुसूचित जनजाति के छात्रों का टैलेंट सर्च से होगा चयन, जिमनास्टिक और एथलेटिक्स का मिलेगा विशेष प्रशिक्षण :: खरगोन/इन्दौर (ईएमएस)। जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित शासकीय बालक क्रीड़ा परिसर, खरगोन (मेनगांव) में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। अनुसूचित जनजाति संवर्ग के प्रतिभावान खिलाड़ी छात्र रिक्त सीटों के लिए 11 मई से 15 जून 2026 तक आवेदन जमा कर सकते हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जनजातीय क्षेत्र के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए व्यवस्थित मंच और प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। संस्थान में प्रवेश के लिए चयन प्रक्रिया 19 से 28 जून के मध्य आयोजित होगी, जिसमें शारीरिक परीक्षण और बैटरी टेस्ट (टैलेंट सर्च) के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी। चयनित छात्रों को परिसर में आवासीय सुविधा के साथ जिमनास्टिक, बेसबॉल और एथलेटिक्स का नियमित प्रशिक्षण दिया जाएगा। बैटरी टेस्ट के तहत दौड़, गोला फेंक और शारीरिक क्षमता परीक्षण के अंक निर्धारित किए गए हैं। प्रवेश के लिए आवेदक की आयु 11 से 18 वर्ष के बीच होना अनिवार्य है, जिसे मिनी, जूनियर और सीनियर वर्गों में विभाजित किया गया है। आवेदन पत्र के साथ स्थायी जाति प्रमाण पत्र, अंकसूची, जन्म प्रमाण पत्र, फिटनेस सर्टिफिकेट और पहचान संबंधी दस्तावेज संलग्न करना आवश्यक होगा। चयन के उपरांत छात्रों को समीपस्थ विद्यालय मेनगांव में प्रवेश लेना होगा। विस्तृत जानकारी के लिए आवेदक संबंधित विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय या परिसर अधीक्षक से संपर्क कर सकते हैं। प्रकाश/10 मई 2026