क्षेत्रीय
11-May-2026


रायगढ़(ईएमएस)। जिले में स्वास्थ्य विभाग ने किशोरियों को सर्वाइकल (ग्रीवा) कैंसर से सुरक्षित करने के उद्देश्य से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि भविष्य में महिलाओं में होने वाले इस गंभीर रोग की रोकथाम की जा सके। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, टीकाकरण का मुख्य फोकस उन बालिकाओं पर है जिन्होंने अभी 15 वर्ष की आयु पूर्ण नहीं की है। विभाग का मानना है कि समय पर टीकाकरण से ग्रीवा कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। जिले में टीकाकरण की व्यवस्था को लेकर तीन प्रमुख केंद्र बनाए गए हैं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामभांठा, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गांधीनगर (जूटमिल) और किरोड़ीमल शासकीय जिला चिकित्सालय। अभियान की शुरुआत में 8 मई को रामभांठा केंद्र में 7 बालिकाओं और गांधीनगर जूटमिल केंद्र में 4 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने बताया कि आने वाले दिनों में अभियान को और तेज किया जाएगा, ताकि निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा किया जा सके। विभाग की ओर से शहरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। इसमें अभिभावकों और किशोरियों को टीकाकरण के लाभ, इसकी सुरक्षा और ग्रीवा कैंसर की रोकथाम में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी जा रही है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और सरकारी अस्पतालों एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी बालिकाओं को समय पर टीका लगवाकर इस गंभीर बीमारी से सुरक्षा सुनिश्चित करें और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। सत्यप्रकाश(ईएमएस)11 मई 2026