नवादा, (ईएमएस)। बिहार के नवादा में रविवार रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। थाने के मुख्य गेट के सामने एक चौकीदार की धारदार चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जितेंद्र पासवान के रूप में हुई है, जो तुर्कवन गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव और लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 8.30 बजे की है। बताया जा रहा है कि जितेंद्र पासवान की ड्यूटी खत्म हो चुकी थी और वह थाने के बाहर खड़े थे। इसी दौरान एक हमलावर अचानक वहां पहुंचा और उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। हमला इतना तेज और अचानक था कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले आरोपी मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल चौकीदार को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर उन्हें पटना रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। इस हत्याकांड को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। पुलिस बालू माफिया और शराब माफिया दोनों एंगल से जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में जितेंद्र पासवान ने अवैध बालू लदे वाहनों पर कार्रवाई की थी। वहीं कुछ लोगों ने दावा किया है कि उन्होंने इलाके में अवैध शराब कारोबार की सूचना भी पुलिस को दी थी, जिससे माफिया उनसे नाराज थे। उधर मृतक की पत्नी ने भी बड़ा आरोप लगाया है। उनका कहना है कि करीब छह महीने पहले उनके पति को जान से मारने की धमकी मिली थी। इस संबंध में थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों का आरोप है कि समय रहते सुरक्षा मिलती तो उनकी जान बच सकती थी। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। हालात को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि अब तक किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संतोष झा- ११ मई/२०२६/ईएमएस