क्षेत्रीय
11-May-2026


समस्तीपुर, (ईएमएस)। बिहार के समस्तीपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। समस्तीपुर-रोसड़ा मार्ग पर तेज रफ्तार बस ने एक बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। मृतकों की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर निवासी कन्हैया कुमार और मिथुन कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक राकेश की हालत गंभीर बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, तीनों दोस्त देसुआ गांव में एक दोस्त की शादी में शामिल होने गए थे। शादी समारोह में भोज खाने के बाद देर रात एक ही बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बिशनपुर चौक के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने बाइक को कुचल दिया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने कन्हैया कुमार और मिथुन कुमार को मृत घोषित कर दिया। घायल राकेश से ही परिवार वालों को हादसे की जानकारी मिली, जिसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। संतोष झा- ११ मई/२०२६/ईएमएस