नई दिल्ली (ईएमएस)। संगम विहार थाना क्षेत्र में एक सप्ताह से लापता किशोरी को खोजने के एवज में जांच अधिकारी ने स्वजन से रिश्वत की मांग की। स्थानीय पार्षद की ओर से मामला उठाने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी गई। पूरे मामले में पार्षद की ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए जांच अधिकारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई। दर्ज शिकायत के मुताबिक क्षेत्र की एक किशोरी बीते तीन मई को लापता हो गई। स्वजन ने अज्ञात के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई गई। एक सप्ताह तक ठोस कार्रवाई न होने पर स्वजन ने स्थानीय पार्षद पंकज गुप्ता से संपर्क किया। जब केस को लेकर बात की गई तो बजाय सहयोग करने के जांच अधिकारी उल्टे पीड़ित परिवार को ही धमकाने लगे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आइओ ने पीड़ित परिवार से 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। रिश्वत और दुर्व्यवहार को लेकर जब पार्षद ने आइओ से बात की तो गाली-गलौच करते हुए झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने जांच अधिकारी को तत्काल निलंबित कर निष्पक्ष जांच कराने, किशोरी की तलाश और पीड़ित परिवार एवं शिकायतकर्ता को सुरक्षा देने की मांग की गई है। अजीत झा/देवेन्द्र/ईएमएस/नई दिल्ली/11 मई/2026