राज्य
11-May-2026


सीएम सोरेन के निर्देश के बाद रांची पुलिस ने झोंकी ताकत - चप्पे-चप्पे पर पोस्टर और अलर्ट रांची (ईएमएस)। सदर थाना क्षेत्र से शनिवार शाम लापता हुई डेढ़ वर्षीय मासूम अदिति पांडेय का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस संवेदनशील मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची पुलिस को कड़े निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए पुलिस को आदेश दिया कि अदिति बिटिया की खोज के लिए चलाए जा रहे अभियान में तेजी लाएं और की गई कार्रवाई से जल्द अवगत कराएं। मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने जिले के सभी थानों को अलर्ट कर दिया है, हालांकि सोमवार सुबह तक बच्ची का कोई ठोस पता नहीं चल सका। लापता बच्ची के पिता मनीष कुमार पांडेय और उनका परिवार कोकर स्थित डान बॉस्को स्कूल के पास खोरा टोली में रहता है। अदिति की उम्र मात्र एक वर्ष आठ माह है। बच्ची के अचानक गायब होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बदहवास परिजन हाथों में अदिति के पोस्टर लिए शहर के विभिन्न कोनों में खाक छान रहे हैं और आम लोगों से मदद की गुहार लगा रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी बच्ची की सुरक्षित वापसी के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इलाके के कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। गौरतलब है कि झारखंड हाई कोर्ट ने भी हाल ही में राज्य में गुमशुदा बच्चों के मुद्दे पर रिपोर्ट मांगी थी, क्योंकि एनसीआरबी के आंकड़ों में राज्य की स्थिति चिंताजनक रही है। अदिति के परिजनों ने भावुक अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी को भी बच्ची के बारे में कोई जानकारी मिले, तो वे तुरंत सदर थाना या परिवार को सूचित करें। फिलहाल, पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। रामयश/ईएमएस 11 मई 2026