राज्य
11-May-2026


50-50 हजार का ईनाम घोषित था - 7 लाख के जेवर बरामद सीतापुर,(ईएमएस)। सीतापुर के अटरिया थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ में 50-50 हजार रुपये के दो इनामी अपराधी धरे गए। एसओजी और अटरिया पुलिस की संयुक्त टीम ने नहर कोठी के पास घेराबंदी की, जिसके बाद दोनों ओर से हुई गोलीबारी में दो शातिर बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गए। गिरफ्तार किए गए बदमाशों की पहचान सिधौली के सराय बाड़ी निवासी मोहम्मद फरीद और संदना के नंदवन निवासी बैजनाथ उर्फ धीरज के रूप में हुई है। इन दोनों पर आईजी रेंज लखनऊ द्वारा इनाम घोषित किया गया था और ये लंबे समय से चोरी के मामलों में वांछित थे। पुलिस ने इनके पास से बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल, दो तमंचे (315 बोर), भारी मात्रा में कारतूस और करीब 7 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवरात बरामद किए हैं। साथ ही 2700 रुपये की नगद राशि भी जब्त की गई है। एसपी अंकुर अग्रवाल के अनुसार, इन अपराधियों पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रामयश/ईएमएस 11 मई 2026