क्षेत्रीय
11-May-2026
...


जांजगीर/सक्ती(ईएमएस)। जिले में आईपीएल क्रिकेट के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी संचालित करने वाले एक आरोपी को सक्ती जिले की जैजैपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और मोबाइल एप्स के जरिए सट्टे का नेटवर्क चला रहा था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि करौवाडीह के संगम चौक क्षेत्र में कुछ लोग ऑनलाइन सट्टेबाजी गतिविधियों में शामिल हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि पुलिस ने मुख्य आरोपी अशोक मनहर को मौके से पकड़ लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। मोबाइल की जांच में व्हाट्सएप चैट, सर्च हिस्ट्री और अन्य डिजिटल साक्ष्यों से ऑनलाइन सट्टेबाजी के पुख्ता प्रमाण मिले हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी अशोक मनहर (34 वर्ष), निवासी करौवाडीह, लंबे समय से इस अवैध नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। वह इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से सट्टा खेलने के लिए आईडी और लिंक उपलब्ध कराता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह “गेम विन 247”, “कल्याण फिक्स गेम” और “श्रीदेवी पैनल चार्ट” जैसे एप्स के जरिए सट्टा संचालन में सक्रिय था। पूरी सट्टेबाजी प्रक्रिया कैशलेस तरीके से संचालित की जा रही थी, जिसमें पेमेंट के लिए फोनपे जैसे डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया जाता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7(1) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़कर पूरे गिरोह का पता लगाने के लिए साइबर सेल की मदद से आगे की जांच तेज कर दी गई है। आईपीएल सट्टेबाजी नेटवर्क पर कार्रवाई, जैजैपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार