सक्ती(ईएमएस)। जिले के जैजैपुर से मालखरौदा क्षेत्र तक बीती रात अज्ञात बदमाशों ने उत्पात मचाते हुए सड़क किनारे खड़ी कई कारों के शीशे तोड़ दिए। मिशन चौक, पिहरीद और कलमी गांव सहित कई स्थानों पर हुई इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से एक के बाद एक खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाया। सुबह जब वाहन मालिकों ने अपने वाहनों के टूटे शीशे देखे तो वे स्तब्ध रह गए। कई लोगों ने बताया कि उनकी कारें घरों के सामने या मुख्य सड़क किनारे सुरक्षित रूप से खड़ी थीं, इसके बावजूद रात के समय उन्हें निशाना बनाया गया। घटना के बाद प्रभावित क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाने लगे। स्थानीय निवासियों का कहना है कि लगातार हुई इस तरह की वारदातों से क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बन गया है। वारदात के बाद लोगों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें तीन संदिग्ध युवक बाइक पर सवार दिखाई दिए हैं। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि बाइक पर पीछे बैठा एक युवक सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों के पास रुककर शीशे पर हमला करता है, जबकि चालक लगातार बाइक आगे बढ़ाता रहता है। तीसरा युवक भी उनके साथ मौजूद था। बताया जा रहा है कि तीनों संदिग्ध जैजैपुर से मालखरौदा तक कई स्थानों पर इसी तरह वाहनों के शीशे तोड़ते हुए नजर आए हैं। पूरी घटना कुछ ही देर में अलग-अलग स्थानों पर फैली, जिससे यह स्पष्ट होता है कि आरोपी लगातार एक ही पैटर्न में वारदात को अंजाम दे रहे थे। स्थानीय लोगों ने इस घटना को गंभीर सुरक्षा चूक बताते हुए पुलिस गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अगर रात में नियमित पेट्रोलिंग होती, तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था। फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)11 मई 2026