राज्य
11-May-2026


विकास ठप, टंकियां गिर रहीं और सरकार उद्योगपतियों को पहुंचा रही फायदा लखनऊ (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश में हुए हालिया मंत्रिमंडल विस्तार पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो सरकार पिछले नौ वर्षों में जनता के लिए कुछ ठोस नहीं कर सकी, वह कार्यकाल के अंतिम नौ महीनों में नए मंत्रियों के जरिए क्या हासिल कर लेगी। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा राज में मंत्रियों की कोई स्वतंत्र भूमिका नहीं रह गई है; दिल्ली से पर्ची आती है और उसे यहाँ सिर्फ पढ़ा जाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री की स्थिति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे महज कोरियर एंड मैसेंजर बनकर रह गए हैं। सपा प्रमुख ने सरकार पर भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी के सारे रिकॉर्ड तोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकियों के गिरने और बदहाल स्वास्थ्य व शिक्षा व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए कहा कि विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं। अखिलेश यादव ने वृक्षारोपण अभियान को भ्रष्टारोपण करार दिया और स्मार्ट मीटर योजना को उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने वाला कदम बताया। इसके अलावा, उन्होंने नौकरियों में आरक्षण घोटाले और दलितों के हक छीनने का आरोप भी लगाया। फिल्म स्क्रीनिंग के मुद्दे पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष के लोग फिल्म ध्यान से देखें, शायद उन्हें कर्मफल का सिद्धांत समझ आ जाए और प्रदेश की स्थिति में कुछ सुधार हो। उनके अनुसार, यह मंत्रिमंडल विस्तार केवल एक राजनीतिक दिखावा है, जिससे आम जनता को कोई लाभ होने वाला नहीं है। रामयश/ईएमएस 11 मई 2026