चेन्नई,(ईएमएस)। टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इस महत्वपूर्ण राजनीतिक घटना के एक दिन बाद, अभिनेत्री तृषा ने एक भावुक पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने लिखा, प्यार की गूंज हमेशा ज्यादा होती है। यह बयान तब आया जब तृषा ने विजय के शपथ ग्रहण समारोह में अपनी मां उमा कृष्णन के साथ शिरकत की थी। हालिया तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी टीवीके ने 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनने का गौरव हासिल किया। इस जीत ने राज्य में दशकों से चले आ रहे द्रमुक और अन्नाद्रमुक के बारी-बारी के शासन को समाप्त किया। टीवीके ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, विदुथलाई चिरुथैगल काची, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग और अम्मा मक्कल मुनेत्र कझगम जैसे सहयोगी दलों के साथ मिलकर 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा पार किया है। राज्यपाल ने विजय को 13 मई तक विधानसभा में विश्वास मत पेश करने का निर्देश दिया है। अभिनेत्री तृषा कृष्णन, जिन्होंने अपनी दमदार अभिनय क्षमता और स्क्रीन प्रेजेंस के कारण दक्षिण भारतीय सिनेमा में एक खास मुकाम हासिल किया है, कई फिल्मों में विजय के साथ स्क्रीन साझा कर चुकी हैं। शपथ ग्रहण के अगले दिन, सोमवार को तृषा ने एक्वा-ब्लू रंग की सिल्क साड़ी में अपनी एक खूबसूरत तस्वीर भी फैंस के साथ साझा की, जिसमें वह गोल्डन जरी के बॉर्डर वाली साड़ी में बेहद आकर्षक लग रही थीं। आशीष दुबे / 11 मई 2026