-हरलीन शर्मा ने 99.38 फीसदी अंक हासिल कर किया टॉप चंडीगढ़,(ईएमएस)। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के दसवीं के लाखों छात्रों का इंतजार खत्म हो गया है। बोर्ड ने सोमवार को कक्षा 10वीं का रिजल्ट जारी किया। रिजल्ट जारी होने के बाद अब छात्र रोल नंबर की मदद से विषयवार अंक, पासिंग स्टेटस और दूसरी जरूरी जानकारी देख सकते हैं। इस साल पंजाब बोर्ड की 10वीं परीक्षा में करीब 2.8 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। बोर्ड की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक रिजल्ट घोषित होते ही वेबसाइट पर एक साथ ज्यादा ट्रैफिक आने की संभावना भी है, इसलिए छात्रों को धीरज रखने की सलाह दी गई है। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ अमरपाल सिंह ने 10वीं का रिजल्ट सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस के जरिए जारी किया। रिजल्ट जारी होने के साथ बोर्ड कुल पास प्रतिशत, टॉपर्स लिस्ट और दूसरे जरूरी आंकड़े भी जारी किए हैं। वहीं पिछले कुछ सालों से पंजाब बोर्ड का रिजल्ट बेहतर रहा है। इस बार पंजाब बोर्ड दसवीं की परीक्षा में कुल पासिंग प्रतिशत 94.52 फीसदी रहा है। यह पासिंग प्रतिशत पिछले साल के मुकाबले 1 फीसदी कम बताया जा रहा है। पिछले साल 10वीं पंजाब बोर्ड का पासिंग प्रतिशत 95.61 प्रतिशत रहा था। वहीं पंजाब बोर्ड में इस बार लड़कियों ने बाजी मारी है। लड़कियों का पासिंग प्रतिशत कुल 95.96 प्रतिशत रहा जबकि लड़कों का पासिंग प्रतिशत 93.23 प्रतिशत रहा। बोर्ड में इस बार हरलीन शर्मा ने 99.38 फीसदी अंक हासिल कर टॉप किया है। वहीं दूसरे नंबर पर रिया रानी ने 99.23 फीसदी अंक हासिल किए। पंजाब बोर्ड 10वीं में तीसरे नंबर पर 99.23 फीसदी के साथ बनी महेश शर्मा रही है। इस बार पंजाब बोर्ड 10वीं की परीक्षा में ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों का प्रदर्शन शहरी क्षेत्र से बेहतर रहा है। ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों का कुल पासिंग प्रतिशत 95.35 फीसदी रहा, जबकि शहरी क्षेत्र का पासिंग प्रतिशत 92.98 फीसदी रहा। वहीं सरकारी स्कूलों का पासिंग प्रतिशत 94.45 फीसदी जबकि प्राइवेट स्कूलों का पासिंग प्रतिशत 95.97 फीसदी रहा। सिराज/ईएमएस 11मई26