कारों में तोड़फोड़ कर बदमाश फरार जबलपुर (ईएमएस)। रांझी थाना क्षेत्र के न्यू शोभापुर इलाके में रविवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात बदमाशों ने एक बिल्डर के घर को निशाना बनाते हुए बम फेंक दिए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी कारों पर पथराव कर जमकर तोड़फोड़ भी की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। रांझी पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी पीड़ित अक्षय सिंह बिल्डर का काम करते हैं, जबकि उनके छोटे भाई आदित्य सिंह अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी जबलपुर में पदस्थ हैं। बताया जा रहा है कि शनिवार को कुछ युवक उनके घर के बाहर बैठकर गांजा पी रहे थे। परिवार के सदस्यों ने जब इसका विरोध किया और वहां से जाने के लिए कहा, तो युवक नाराज हो गए। जाते समय उन्होंने परिवार को धमकी भी दी थी। परिजनों के मुताबिक रविवार सुबह आरोपियों ने इलाके में रेकी की थी। इसके बाद देर रात एक्सिस स्कूटी से पहुंचे तीन बदमाशों ने घर के बाहर पहुंचकर एक के बाद एक दो बम फेंके। बम फटने की तेज आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। घटना के बाद बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी कारों पर पत्थर बरसाए, जिससे वाहनों के शीशे और बॉडी क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे पुरानी रंजिश और विरोध के बाद की गई सुनियोजित वारदात मान रही है। सुनील साहू / शहबाज / 11 मई 2026/ 06.18