ओएफके पेट्रोल पंप कर्मचारी हड़ताल पर जबलपुर (ईएमएस)। आयुध निर्माणी खमरिया (ओएफके) को-ऑपरेटिव सोसाइटी द्वारा संचालित पेट्रोल पंप सोमवार सुबह नहीं खुला। जानकारी लगते ही निर्माणी क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बाद में पता चला कि पेट्रोल पंप के कर्मचारी वेतन बढ़ाने, पीएफ कटौती और नियमितीकरण की मांग को लेकर हड़ताल पर चले गए हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें मात्र 10 हजार रुपए मासिक वेतन दिया जाता है और पेट्रोल पंप में होने वाले नुकसान की भरपाई भी उनके वेतन से काट ली जाती है। उनका कहना है कि कई बार असामाजिक तत्व बिना पैसे दिए पेट्रोल भराकर चले जाते हैं, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय प्रबंधन कर्मचारियों के वेतन से पैसे काट लेता है। कर्मचारियों ने बताया कि कई लोग पिछले 10 वर्षों से यहां काम कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें नियमित नहीं किया गया और न ही पीएफ की सुविधा दी गई। इसे लेकर लंबे समय से नाराजगी थी। हड़ताल की वजह से पेट्रोल वितरण व्यवस्था प्रभावित हो गई। इसके बाद आनन-फानन में मैनेजर और एक अन्य कर्मचारी को पंप संचालन के लिए भेजा गया, लेकिन हड़ताली कर्मचारी काम पर लौटने को तैयार नहीं हुए। वहीं सोसाइटी अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार ने कहा कि कर्मचारियों ने दो माह पहले मांगों को लेकर पत्र दिया था, जिस पर जनरल बॉडी मीटिंग में चर्चा होना प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि वे फिलहाल शहर से बाहर हैं और वैकल्पिक व्यवस्था कर पेट्रोल पंप चालू कराने का प्रयास किया जा रहा है। सुनील साहू / शहबाज / 11 मई 2026/ 06.17