राज्य
11-May-2026


* रेलवे संपत्ति की रक्षा, यात्रियों की सुरक्षा और मानवीय सेवाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आरपीएफ ने दर्ज की कई महत्वपूर्ण सफलताएँ * “ऑपरेशन अमानत”, “नन्हे फरिश्ते” और “सतर्क” जैसे अभियानों से बढ़ी सुरक्षा और भरोसे की भावना अहमदाबाद (ईएमएस)| पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल का रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्ति की रक्षा और स्टेशनों पर सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहा है। अहमदाबाद मंडल के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, यात्री सहायता तथा मानवीय सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, रेलवे संपत्ति की रक्षा करने तथा रेलवे परिसरों में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए लगातार सतर्कता एवं सक्रियता के साथ कार्य किया। इसके साथ ही RPF कर्मियों ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए जरूरतमंद यात्रियों, बच्चों एवं महिलाओं की सहायता कर अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का भी सफलतापूर्वक निर्वहन किया। * रेलवे अधिनियम के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान आरपीएफ अहमदाबाद मंडल द्वारा रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत कुल 29,276 प्रकरण दर्ज किए गए। इन मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए रु. 40 लाख का जुर्माना वसूल किया गया। यह कार्रवाई रेलवे परिसरों में अनुशासन बनाए रखने, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। * ऑपरेशन अमानत के तहत यात्रियों को लौटाया खोया सामान यात्रियों द्वारा रेलवे स्टेशन अथवा ट्रेनों में भूलवश छोड़े गए अथवा खोए हुए सामान को खोजकर उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ऑपरेशन अमानत” के तहत RPF अहमदाबाद मंडल ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की। इस दौरान ₹1,58,51,286/- मूल्य के 462 लावारिस अथवा खोए हुए सामान बरामद किए गए तथा आवश्यक सत्यापन के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया। * ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते: मानवीय सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण आरपीएफ द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” के अंतर्गत रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में भटके हुए, लापता अथवा असहाय बच्चों एवं जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता की गई। इस अभियान के तहत 121 बच्चों तथा 23 पुरुषों एवं महिलाओं को सुरक्षित बचाकर उनके परिजनों, चाइल्ड लाइन अथवा संबंधित पुलिस अधिकारियों को सौंपा गया। * ऑपरेशन रेल सुरक्षा के तहत बड़ी सफलता रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम [आरपी(यूपी) एक्ट] के अंतर्गत दर्ज 49 मामलों में से 46 मामलों का सफलतापूर्वक पता लगाया गया। इन मामलों में रेलवे संपत्ति की चोरी, अवैध कब्जा एवं तस्करी जैसी गतिविधियों में शामिल 114 बाहरी व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। आरपीएफ की सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई के कारण रेलवे संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हुई तथा संगठित अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकी। * ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के माध्यम से अपराधियों पर शिकंजा यात्रियों के सामान चोरी (टीओपीबी) से संबंधित 49 आरोपियों को गिरफ्तार कर जीआरपी को सौंपा गया। इसके अतिरिक्त भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत 73 आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु जीआरपी के हवाले किया गया। यह कार्रवाई रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा अपराधियों में भय का वातावरण बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण रही। * यूटीआई मामलों में उल्लेखनीय कमी आरपीएफ अहमदाबाद मंडल द्वारा चलाए गए विशेष जागरूकता अभियानों एवं नियमित जांच अभियानों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। वित्तीय वर्ष 2024-25 की तुलना में वित्तीय वर्ष 2025-26 में आकस्मिक घटना (यूटीआई) के मामलों में 33 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। * ऑपरेशन सतर्क के तहत अवैध शराब तस्करी पर कार्रवाई अवैध शराब की तस्करी एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए गए “ऑपरेशन सतर्क” के तहत 125 मामलों का पता लगाया गया। इन मामलों में रु. 12,90,963/- मूल्य की अवैध शराब बरामद की गई तथा 102 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई हेतु जीआरपी को सौंपा गया। यह कार्रवाई मुख्यतः अहमदाबाद, साबरमती एवं कांकरिया यार्ड स्टेशनों पर की गई। आरपीएफ की इस कार्रवाई से रेलवे मार्गों के माध्यम से होने वाली अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। * ऑपरेशन नारकोस के तहत मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक आरपीएफ अहमदाबाद मंडल ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई करते हुए “ऑपरेशन नारकोस” के तहत 4 मामलों का पता लगाया। इन मामलों में रु. 4,35,310/- मूल्य के नारकोटिक्स बरामद किए गए तथा 2 तस्करों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई रेलवे परिसरों को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण रही। * ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत बचाई गई जानें आरपीएफ कर्मियों ने सतर्कता एवं त्वरित प्रतिक्रिया का परिचय देते हुए प्लेटफॉर्म गैप, चलती ट्रेन अथवा अन्य दुर्घटनात्मक परिस्थितियों में फंसे 11 पुरुषों एवं महिलाओं की जान बचाई। “ऑपरेशन जीवन रक्षा” के अंतर्गत किए गए इन साहसिक कार्यों ने आरपीएफ की तत्परता एवं मानव जीवन के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाया है। * रेल मदद शिकायतों का त्वरित समाधान रेल मदद पोर्टल पर वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान सुरक्षा संबंधी कुल 1,918 शिकायतें प्राप्त हुईं। आरपीएफ अहमदाबाद मंडल द्वारा सभी शिकायतों का 100 प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया गया। शिकायतों के समाधान का औसत समय मात्र 6 मिनट रहा, जो आरपीएफ की त्वरित कार्यशैली एवं दक्षता को दर्शाता है। उल्लेखनीय है कि 92.85 प्रतिशत यात्रियों ने आरपीएफ द्वारा प्रदान की गई सहायता एवं कार्रवाई को उत्कृष्ट अथवा संतोषजनक बताया। * वारंट निष्पादन में उत्कृष्ट प्रदर्शन आरए एवं आरपी(यूपी) एक्ट से संबंधित जारी 113 वारंटों में से 95 वारंटों का सफल निष्पादन आरपीएफ अहमदाबाद द्वारा किया गया। यह उपलब्धि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में आरपीएफ की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। आरपीएफ अहमदाबाद मंडल की ये उपलब्धियां दर्शाती हैं कि रेलवे सुरक्षा बल न केवल यात्रियों एवं रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि मानवीय सेवा, त्वरित सहायता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आरपीएफ भविष्य में भी इसी प्रकार सतर्कता एवं समर्पण के साथ कार्य करती रहेगी। सतीश/11 मई